नवादा, 9 अप्रैल। भाजपा जिला कार्यालय, नवादा में आगामी अंबेडकर जयंती के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने की। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री धनराज शर्मा मुख्य अतिथि तथा जिला प्रभारी राजेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मंच संचालन जिला महामंत्री शैलेन्द्र शर्मा ने किया। कार्यक्रम के प्रभारी उपाध्यक्ष तेजस सिन्हा तथा सह प्रभारी मीडिया प्रभारी गुलशन कुमार रहे।
प्रदेश मंत्री धनराज शर्मा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके विचार समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार और सम्मान दिलाने की प्रेरणा देते हैं, इसलिए उनकी जयंती को व्यापक स्तर पर मनाया जाना चाहिए। जिला प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि अंबेडकर जयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का संकल्प दिवस है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आयोजन को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने बताया कि जिला स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है। बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और संगठन को सशक्त बनाया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा की सफाई, परिसर की सजावट, 14 अप्रैल को जिला केंद्र पर संगोष्ठी, चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान पर चर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी भी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।
निर्देश दिया गया कि 14 से 20 अप्रैल तक सभी बूथों पर पुष्पांजलि, दीपोत्सव अथवा स्वच्छता अभियान में से कम से कम एक कार्यक्रम अवश्य आयोजित किया जाए।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रियरंजन श्रीनिवास, प्रताप रंजन, जिला महामंत्री अरविन्द गुप्ता, उपाध्यक्ष विनोद भोली, मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष विश्वास सिंह विशु, मंत्री उपेंद्र चन्द्रवंशी, मिथलेश पासवान, नवादा विधानसभा संयोजक अभिजीत कुमार सिन्हा, महिला मोर्चा अध्यक्ष माधुरी वर्णनवाल, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष जीतेन्द्र पासवान, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अफसाना, मंडल अध्यक्ष गरीवन महतो, शिवरानी केशरी, अंकित विश्वकर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







