Home / क्राइम न्यूज़ / चौकीदार के घर में दीवार फांदकर घुसा चोर

चौकीदार के घर में दीवार फांदकर घुसा चोर

दीवार फांदकर चौकीदार के घर में घुसा चोर, पकड़ में आने के बाद छुड़ाकर भागा

भदोही विशेष संवाददाता 

उत्तर प्रदेश भदोही औराई थाना क्षेत्र के उपरौठ गांव में शनिवार रात चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव निवासी पंचू लाल सरोज (47 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण सरोज, जो पेशे से चौकीदार हैं, ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 28 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे गांव के ही अमरेश चंद्र के पुत्र सुनील कुमार ने चोरी के इरादे से उनके घर में प्रवेश किया।

बताया गया कि उस समय घर के सदस्य अपने-अपने कार्य में लगे थे और पंचू लाल मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी की नजर घर के अंदर मौजूद युवक पर पड़ी, जिस पर उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनते ही परिवार के अन्य सदस्य जाग गए और दौड़कर युवक को पकड़ लिया।

परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस को सूचना दिए जाने के दौरान ही युवक मौका पाकर परिजनों के चंगुल से छूटकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में कोतवाल अश्वनी त्रिपाठी ने बताया कि चौकीदार की तहरीर प्राप्त हुई है। आरोपी पड़ोसी बताया जा रहा है, जो घटना के बाद घर से फरार है। परिवार के लोगों से पूछताछ की गई है और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *