Home / Big Breking / जमीनी विवाद में फायरिंग, आधा दर्जन घायल; लापरवाही पर अखंडनगर थाना प्रभारी निलंबित

जमीनी विवाद में फायरिंग, आधा दर्जन घायल; लापरवाही पर अखंडनगर थाना प्रभारी निलंबित

 

 

      लापरवाही पर अखंडनगर थाना प्रभारी निलंबित

 उत्तर प्रदेश सुलतानपुर। जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारु निगम मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली।

 

पुलिस के अनुसार घायलों में से एक व्यक्ति को गंभीर हालत में इलाज के लिए टांडा पीजीआई भेजा गया है, जबकि दो अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखंडनगर में कराया जा रहा है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गांव में तीन भाइयों की मौत के बाद उनकी संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिजनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ फायरिंग की घटना हो गई।

पुलिस ने मामले में 13 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

इधर, घटना में लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अखंडनगर थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही क्षेत्राधिकारी कादीपुर और थाना प्रभारी द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में शिथिलता बरतने के आरोप में मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *