Home / Big Breking / जिन्न और तांत्रिक की आड़ में ‘डिजिटल लूट’, सायन की युवती के उड़े ₹16 लाख!

जिन्न और तांत्रिक की आड़ में ‘डिजिटल लूट’, सायन की युवती के उड़े ₹16 लाख!

जिन्न और तांत्रिक की आड़ में ‘डिजिटल लूट’

मुंबई (इंद्र यादव) सायन,माया नगरी मुंबई के सायन इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने आधुनिक युग में भी अंधविश्वास की जड़ों और साइबर अपराधियों के बढ़ते हौसलों को उजागर कर दिया है। एक 22 वर्षीय युवती को उसके उज्ज्वल भविष्य का सपना दिखाकर ठगों ने ‘जिन्न’ और ‘तांत्रिक शक्तियों’ के ऐसे जाल में उलझाया कि उसने ढाई साल के भीतर 15.93 लाख रुपये गंवा दिए।

इंस्टाग्राम का वो एक विज्ञापन और बर्बादी की शुरुआत

घटना की शुरुआत साल 2023 में हुई जब पीड़िता अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को स्क्रॉल कर रही थी। इसी दौरान उसकी नज़र “Powerfull Obsession Healer” नाम के एक स्पॉन्सर्ड पोस्ट पर पड़ी। इस पेज पर दावा किया गया था कि वे करियर, प्रेम संबंध और जीवन की हर बाधा को ‘रूहानी ताकतों’ और ‘हीलिंग’ के जरिए ठीक कर सकते हैं।
परेशानियों से जूझ रही युवती ने मदद की उम्मीद में विज्ञापन के लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद ठगों ने उसे सीधे व्हाट्सएप पर बातचीत के लिए खींच लिया।

साहिल और वाहिद का मायाजाल: डर और उम्मीद का खेल

व्हाट्सएप पर संपर्क करने वाले शख्स ने कभी खुद को ‘वाहिद’ तो कभी ‘साहिल’ बताया। शुरुआत में उसने युवती का विश्वास जीतने के लिए मनोवैज्ञानिक खेल खेला। उसने युवती से कहा.

“तुम्हारा भविष्य बहुत सुनहरा है, लेकिन कुछ बुरी शक्तियां तुम्हें रोक रही हैं।”

“तुम्हारे ऊपर किसी ने कुछ करा दिया है, जिसे केवल एक शक्तिशाली जिन्न ही ठीक कर सकता है।”

ठगों ने युवती को इतना डरा दिया कि वह उनकी हर बात मानने लगी। शुरुआत में छोटी रकम मांगी गई, लेकिन धीरे-धीरे अनुष्ठान, बलि और ‘जिन्न को शांत करने’ के नाम पर लाखों रुपये वसूले जाने लगे।

ढाई साल का संगठित अपराध

यह कोई सामान्य साइबर फ्रॉड नहीं था, बल्कि एक संगठित गिरोह की सोची-समझी साजिश थी। ढाई साल तक युवती को यह एहसास ही नहीं होने दिया गया कि उसे लूटा जा रहा है। गिरोह के सदस्य अलग-अलग नंबरों से युवती को डराते और पैसों की मांग करते रहे। जब तक युवती को होश आया, तब तक उसके बैंक खाते से 15,93,980 रुपये निकल चुके थे।

साइबर सेल की कार्रवाई और चेतावनी

पैसे खत्म होने और मानसिक प्रताड़ना बढ़ने पर युवती ने हिम्मत जुटाई और मुंबई पुलिस की साइबर सेल शाखा में मामला दर्ज कराया।

पुलिस जांच के मुख्य बिंदु.

ठगों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की ट्रेसिंग की जा रही है।
इंस्टाग्राम प्रोफाइल और व्हाट्सएप नंबरों के IP एड्रेस खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह ने कई अन्य महिलाओं को भी इसी तरह निशाना बनाया होगा।
सोशल मीडिया पर ‘हीलिंग’ और ‘बाबाओं’ से रहें सावधान!
साइबर विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ऐसे हज़ारों फेक प्रोफाइल सक्रिय हैं जो ‘वशीकरण’, ‘लव प्रॉब्लम सॉल्यूशन’ और ‘ब्लैक मैजिक रिमूवल’ के नाम पर विज्ञापन चलाते हैं। ये लोग आपकी निजी जानकारी लेकर आपको ब्लैकमेल करना शुरू कर देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *