Home / Big Breking / डीएम की अध्यक्षता में शिक्षा समिति की समीक्षा बैठक, जर्जर स्कूल भवनों के शीघ्र ध्वस्तीकरण के निर्देश

डीएम की अध्यक्षता में शिक्षा समिति की समीक्षा बैठक, जर्जर स्कूल भवनों के शीघ्र ध्वस्तीकरण के निर्देश

 

भदोही में शिक्षा व्यवस्था पर डीएम सख्त, नामांकन बढ़ाने व गुणवत्ता सुधार पर जोर

भदोही, 27 मार्च 2026।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पाण्डेय सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में बीएसए द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की आख्या प्रस्तुत की गई। उन्होंने कायाकल्प योजना के अंतर्गत दिव्यांग शौचालयों के टाइलिंग कार्य, चहारदीवारी निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं में हुई प्रगति से अवगत कराया।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के जर्जर विद्यालय भवनों की स्थिति पर गंभीरता से चर्चा की और निर्देश दिया कि चिन्हित जर्जर भवनों का शीघ्र ध्वस्तीकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों पर जोर देते हुए डीएम ने विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही पठन-पाठन की गुणवत्ता सुधारने, आधारभूत कौशलों के विकास की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा विद्यालयों के निरीक्षण की आख्या समय से प्रस्तुत करने पर बल दिया।

पीएम श्री विद्यालयों में बीते सत्र के दौरान नामांकन में आई कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने आगामी सत्र में नामांकन वृद्धि के लिए ठोस रणनीति बनाने को कहा। मध्यान्ह भोजन योजना के सुचारु संचालन के लिए एलपीजी गैस की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा किए गए आकलन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आगामी सत्र में शैक्षिक परिणामों को बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार है और इसके लिए सामूहिक प्रयास अनिवार्य हैं।

बैठक में सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी, एमडीएम पटल सहायक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *