Home / शिक्षा और शिक्षण / प्राथमिक विद्यालय फत्तूपुर में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, भावभीनी विदाई

प्राथमिक विद्यालय फत्तूपुर में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, भावभीनी विदाई

प्राथमिक विद्यालय फत्तूपुर में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

 

भदोही। प्राथमिक विद्यालय फत्तूपुर में शनिवार को सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी श्री चन्द्रशेखर आजाद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि जिस दिन कोई व्यक्ति सेवा में आता है, उसी दिन यह भी तय हो जाता है कि एक निश्चित अवधि के बाद उसे सेवानिवृत्त होना है। उन्होंने कहा कि संतोष इस बात का होता है कि यदि सेवा काल में व्यक्ति ने ईमानदारी और समर्पण से कार्य किया हो तो समाज उसे स्नेह और सम्मान देता है। यही सम्मान आगे के जीवन को आनंदमय बनाने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के आयोजक प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय फत्तूपुर एवं एसआरजी जनपद भदोही श्री धीरज सिंह ने सेवानिवृत्त हो रहीं श्रीमती जीनत बेगम (प्रधानाध्यापिका, पूर्व माध्यमिक विद्यालय रया) तथा श्री जयशंकर पांडेय (सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय पिपरी) के कार्यकाल को स्मरण करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने दोनों शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने फूल-मालाओं से दोनों शिक्षकों का सम्मान किया और उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम में एसआरजी श्री विनय शंकर पांडेय, श्री रत्नेश कुमार पांडेय, एआरपी श्री सुरेश कुमार मौर्य, श्री अखलाक अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष शैक्षिक महासंघ श्री आनंद कुमार सिंह, नोडल संकुल महेश कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

समारोह का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *