Home / Big Breking / भदोही में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत भव्य कार्यक्रम, 251 महिलाएं सम्मानित

भदोही में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत भव्य कार्यक्रम, 251 महिलाएं सम्मानित

भदोही में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत भव्य कार्यक्रम, 251 महिलाएं सम्मानित

भदोही। मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बासंतिक नवरात्र के अवसर पर महिला एवं बाल सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकास भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से की।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग, भदोही द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली 251 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 21 कन्याओं का तिलक पूजन कर उन्हें टी-शर्ट, टोपी, चुनरी, फल, मिठाई एवं प्रसाद भेंट किया गया। वहीं 21 बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाते हुए उन्हें बेबी किट एवं पोषण पोटली प्रदान की गई।

इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का समापन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत 101 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा जनपद के 1141 बच्चों के खातों में 2500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 87.955 लाख रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि इस योजना का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या पर रोक, लैंगिक समानता को बढ़ावा, बाल विवाह की रोकथाम तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। जनपद में अब तक 18,806 बालिकाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19 एवं सामान्य) के तहत ऐसे बच्चों को सहायता प्रदान की जा रही है, जिन्होंने महामारी में अपने माता-पिता या अभिभावक को खो दिया है। योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा एवं चिकित्सा के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। जनपद में इस योजना से 199 बच्चों को लाभान्वित किया गया है, जबकि स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 1507 बच्चों को सहायता प्रदान की गई है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे—कन्या सुमंगला, बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी विस्तार से दी।

कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों पर जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *