Home / क्राइम न्यूज़ / भदोही में 3.57 करोड़ का प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप घोटाला

भदोही में 3.57 करोड़ का प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप घोटाला

 भदोही उत्तर प्रदेश ( राजेश जायसवाल)। जनपद में नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 57 लाख 43 हजार 147 रुपये कीमत की 2 लाख 44 हजार बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप (न्यू फेंसेडिल) के कागजी घोटाले का खुलासा किया है। मामले में वाराणसी निवासी विजय गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर मानिकपुर तिराहे पर नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि आजमगढ़ की दो फर्मों — मेसर्स शिव शक्ति इंटरप्राइजेज (खरिहानी नहर के सामने) तथा मेसर्स माँ शारदा फार्मा (मुस्तफाबाद, जहानागंज) — द्वारा भदोही स्थित दिलीप मेडिकल स्टोर (आजाद नगर, नई बाजार) को भारी मात्रा में फेंसेडिल कफ सिरप की बिक्री कागजों पर दर्शाई गई थी। शिव शक्ति इंटरप्राइजेज से 1,41,000 बोतल (100 एमएल) तथा माँ शारदा फार्मा से 45,000 बोतल सिरप की आपूर्ति दिखाई गई।

यह भी सामने आया कि राजेंद्र एंड संस फर्म (प्रोपराइटर अंशिका गुप्ता) के माध्यम से यह माल दिलीप कुमार उमर की फर्मों — दिलीप मेडिकल स्टोर और आयुष इंटरप्राइजेज — को भेजा गया दर्शाया गया, जबकि वास्तविक रूप से सिरप को डायवर्ट कर अवैध बाजार में नशे के रूप में बेचा गया। फर्जी बीजक बनाकर खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड तैयार किया गया, ताकि विभागीय जांच से बचा जा सके।

गिरफ्तार आरोपी विजय गुप्ता पुत्र राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, निवासी K-64/1A गोला दीनानाथ, थाना कोतवाली, जनपद वाराणसी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह पूर्व में भी नशे से जुड़े मामले में सोनभद्र जनपद के रॉबर्ट्सगंज थाने में दर्ज मुकदमे में आरोपित रह चुका है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक श्यामबहादुर यादव, उपनिरीक्षक रामसेवक यादव, हेड कांस्टेबल प्रेम प्रकाश दुबे तथा कांस्टेबल कन्हैया कुमार (साइबर सेल) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा कर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *