नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर सियासत तेज
समाजवादी पार्टी और केंद्र में रही कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों में बाधा डालने का मायावती ने लगाया आरोप
लखनऊ/नोएडा। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि एयरपोर्ट परियोजना की रूपरेखा और प्रारंभिक कार्य उनकी सरकार के दौरान ही शुरू हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद की सरकारों की वजह से परियोजना में अनावश्यक देरी हुई।
मायावती ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि यदि उनकी सरकार को आगे काम करने का अवसर मिलता तो एयरपोर्ट का निर्माण पहले ही पूरा हो जाता। उन्होंने समाजवादी पार्टी और केंद्र में रही कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया।
पश्चिमी यूपी को अलग प्रदेश बनाने की फिर उठी मांग
मायावती ने संकेत दिया कि यदि उनकी पार्टी दोबारा सत्ता में आती है तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए अलग हाईकोर्ट बेंच और पृथक राज्य गठन की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2011 में उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को चार भागों में विभाजित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था, जिसे मंजूरी नहीं मिल सकी थी।
बसपा प्रमुख के इस बयान के बाद प्रदेश में एक बार फिर यूपी के पुनर्गठन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी परिदृश्य को देखते हुए यह मुद्दा फिर से प्रमुखता से उभर सकता है।











