रोह में पीयूसीएल की जांच टीम पहुंची, दंगा प्रभावितों से मिलकर दर्ज किए बयान
नवादा, 8 अप्रैल। दिनेश कुमार बरनवाल
नवादा यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) की नवादा इकाई की सात सदस्यीय जांच टीम हाल ही में रोह बाजार पहुंची और 28 व 29 मार्च को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुए सांप्रदायिक तनाव एवं हिंसा से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। टीम ने पीड़ित परिवारों और स्थानीय ग्रामीणों से विस्तृत बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए।
जांच दल का गठन रोह में 5 मार्च 2026 (रविवार) को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान उत्पन्न हालात की वस्तुस्थिति जानने के उद्देश्य से किया गया था। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विभिन्न पक्षों से जानकारी एकत्र की तथा संबंधित दस्तावेजों और तस्वीरों को संकलित किया। पीयूसीएल ने बताया कि सभी तथ्यों को संकलित कर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे सार्वजनिक किया जाएगा।
जांच टीम ने रोह थाना प्रभारी से भी मुलाकात की। थाना अध्यक्ष ने पूरी घटना और पुलिस की भूमिका के संबंध में जानकारी देते हुए आश्वासन दिया कि निर्दोष व्यक्तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, जांच टीम ने सभी समुदायों से शांति, संयम और कानून का पालन करने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से अपने युवाओं को किसी भी प्रकार की उग्र गतिविधियों से दूर रखने तथा समाज में सौहार्द और आपसी विश्वास बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही, धार्मिक एवं सामाजिक नेतृत्व से भी सकारात्मक पहल कर युवाओं को कानून के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण आचरण के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
पीयूसीएल ने कहा कि सामाजिक समरसता, संवाद और शिक्षा के माध्यम से ही भविष्य को सुरक्षित और स्थिर बनाया जा सकता है।










