शिक्षक सुसाइड केस: फरार सस्पेंडेड BSA शालिनी श्रीवास्तव पर शिकंजा, कोर्ट ने जारी किया NBW
उत्तर प्रदेश (इंद्र यादव) गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या मामले में न्याय का पहिया अब और तेजी से घूमने लगा है। पुलिस की कड़ी पैरवी के बाद, कोर्ट ने इस मामले की मुख्य आरोपी और देवरिया की निलंबित बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) शालिनी श्रीवास्तव और उनके सहयोगी लिपिक संजीव सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया है।
इस आदेश के बाद अब फरार चल रही बीएसए और उनके क्लर्क की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि यदि दोनों जल्द ही कानून के सामने आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके घरों की कुर्की (82/83 की कार्रवाई) भी की जा सकती है।
क्या है पूरा मामला
बीती 20 फरवरी की रात कुशीनगर निवासी शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने आत्महत्या कर ली थी। इस दुखद घटना ने पूरे विभाग में हड़कंप मचा दिया था। आत्महत्या से पहले लिखे एक भावुक सुसाइड नोट में शिक्षक ने अपनी मौत के लिए तत्कालीन बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया था। शिक्षक का आरोप था कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और भ्रष्टाचार के जाल में
फंसाकर उनका उत्पीड़न किया गया।
पुलिस की दबिश जारी, रडार पर कई शहर
गुलरिहा पुलिस की कई टीमें इस समय आरोपियों की तलाश में यूपी के विभिन्न जिलों में खाक छान रही हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक:
दबिश: लखनऊ, प्रयागराज, देवरिया और बलिया में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पूछताछ: आरोपियों के करीबियों और परिजनों को भी रडार पर लिया गया है ताकि उनके संभावित ठिकानों का सुराग लग सके।
निगरानी: फरार अधिकारियों के बैंक खातों और डिजिटल फुटप्रिंट्स पर भी नजर रखी जा रही है।
अधिकारी का बयान: “कोर्ट से NBW मिलने के बाद हमारी टीमें और सक्रिय हो गई हैं। कानून से कोई भी ऊपर नहीं है। यदि आरोपी जल्द हाजिर नहीं होते, तो कुर्की की नोटिस चस्पा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।” — जांच अधिकारी, गुलरिहा थाना
शिक्षा विभाग में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग के भीतर भी खलबली मची हुई है। शालिनी श्रीवास्तव को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी न होने से शिक्षक संघों में काफी रोष था। अब NBW जारी होने के बाद मृतक शिक्षक के परिजनों को न्याय की उम्मीद जगी है।










