लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग की टीम ने एक संदिग्ध यात्री के पास से करोड़ों रुपये की नशीली खेप बरामद करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट संख्या WY265 से लखनऊ पहुंचे यात्री के व्यवहार पर संदेह होने पर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके काले-ग्रे रंग के बैकपैक से कुल 17 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में करीब 8.552 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड पाई गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 8.55 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्राथमिक जांच में बरामद पदार्थ को उच्च गुणवत्ता वाली हाइड्रोपोनिक वीड बताया जा रहा है, जिसे विशेष तकनीक से उगाया जाता है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी भारी मांग रहती है।
कस्टम विभाग ने आरोपी यात्री को तत्काल गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय तो नहीं है।










