Home / क्राइम न्यूज़ / पिंटू धीवर मौत प्रकरण में नया मोड़: उपचार में लापरवाही के आरोप में दो गिरफ्तार, जांच पर उठे सवाल

पिंटू धीवर मौत प्रकरण में नया मोड़: उपचार में लापरवाही के आरोप में दो गिरफ्तार, जांच पर उठे सवाल

पिंटू धीवर मौत प्रकरण में नया मोड़: उपचार में लापरवाही के आरोप में दो गिरफ्तार

भदोही। चौरी थाना क्षेत्र के वेदमनपुर निवासी इंटरमीडिएट छात्र पिंटू धीवर की मौत के मामले में पुलिस जांच ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने उपचार में कथित लापरवाही के आरोप में बालाजी क्लीनिक के संचालक एवं एक फिजियोथैरेपिस्ट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 

गौरतलब है कि 2 जून को पिंटू धीवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि 1 जून की रात उसे फोन कर चौरी बाजार बुलाया गया, जहां कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। गंभीर हालत में उसे एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद एक्स-रे में पैर में फ्रैक्चर की बात सामने आई थी। बाद में भदोही के एक निजी अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मामले की जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोप लगाया कि पर्याप्त सुविधाएं न होने के बावजूद घायल का उपचार किया गया, जिससे लापरवाही की आशंका बनी। इसी आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

हालांकि कार्रवाई के बाद कई सवाल भी उठने लगे हैं। मृतक के परिजनों ने शुरुआती शिकायत में कुछ अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एक्स-रे रिपोर्ट और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *