भदोही। जनपद में हाल के दिनों में बढ़ती मोबाइल छिनैती की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए भदोही पुलिस ने एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक छीना गया मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भदोही थाने में गत दिनों मोबाइल छिनैती की तीन अलग-अलग घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज किए गए थे। पहली घटना 14 मार्च 2026 की है, जब उधवों माफी निवासी राजकुमार गुप्ता से हरियांव प्राथमिक विद्यालय के समीप मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनका POCO C55 मोबाइल छीन लिया था।
दूसरी घटना 13 मार्च 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की है। हिम्मतपुर बकुचिया निवासी आफताब स्टेशन से अपने घर लौट रहे थे, तभी अरविंद एक्सपोर्ट बकुचिया के पास बदमाशों ने उनका OPPO A9 2020 मोबाइल लूट लिया।
वहीं तीसरी घटना 22 मार्च 2026 को रामरायपुर निवासी आर्यन पाल के साथ घटी। वह दोपहर करीब 2:20 बजे रेवड़ा से घर लौटते समय एस.एन. हॉस्पिटल के पास साइकिल पर मोबाइल से बात कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जांच तेज की और अंततः तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह अन्य किन घटनाओं में शामिल रहा है।








