महिला आरक्षण तत्काल लागू करे केंद्र सरकार
भदोही, 20 अप्रैल। भारतीय राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देशानुसार देशव्यापी कार्यक्रमों के तहत जनपद भदोही में महिला कांग्रेस की ओर से एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शबाना खातून की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष वसीम अंसारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रेस वार्ता कैंप कार्यालय, भदोही में संपन्न हुई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शबाना खातून ने कहा कि महिला आरक्षण कानून वर्ष 2023 में संसद से पारित हो चुका है। यदि केंद्र सरकार वास्तव में महिलाओं के हितों के प्रति गंभीर है तो वर्तमान लोकसभा की 540 सीटों में ही तत्काल महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर पूरा विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है, लेकिन केंद्र सरकार राजनीतिक लाभ के लिए इसे टाल रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष वसीम अंसारी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्नाव, हाथरस और कठुआ जैसी घटनाओं में महिलाओं के साथ गंभीर अत्याचार हुए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि मणिपुर में महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं को लेकर भी केंद्र सरकार मौन है।
जिला उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल एवं सुबुकतगीन अंसारी ने कहा कि सरकार द्वारा लाया गया परिसीमन बिल जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। उनका कहना था कि देश की जनता अब जागरूक है और ऐसे प्रयासों को समझ रही है।
कांग्रेस के योगदान का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सर्वोच्च पदों पर अवसर दिया है। इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री रहीं, सुचेता कृपलानी पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं, प्रतिभा पाटिल पहली महिला राष्ट्रपति रहीं, मीरा कुमार पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष बनीं तथा फातिमा बीवी देश की पहली महिला सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश रहीं।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लगातार लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मसूद आलम, संतोष धोबी, शक्ति मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









