भदोही महोत्सव 2026, खेल-संस्कृति और मनोरंजन का त्रिवेणी संगम
विशेष संवाददाता राजेश जायसवाल
भदोही। जनपद में इस वर्ष 15 से 17 मई 2026 तक भव्य भदोही महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह तीन दिवसीय महोत्सव भदोही महोत्सव सोसाइटी एवं उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। कार्यक्रम का नेतृत्व हरिनाथ यादव कर रहे हैं।
महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा सामाजिक-सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करना है। आयोजन में खेल प्रतियोगिताएं, योग शिविर, सांस्कृतिक संध्या, कवि सम्मेलन और बॉलीवुड नाइट जैसे विविध आकर्षण शामिल रहेंगे।
योग से होगी शुरुआत
महोत्सव का शुभारंभ 15 मई को प्रातः 5:30 बजे अभयनपुर मैदान में योग कार्यक्रम से होगा। यह सत्र 17 मई तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
खेल प्रतियोगिताओं की धूम
15 से 17 मई तक भदोही स्टेडियम और जीआईसी इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर में सुबह 6:30 बजे से शाम 7 बजे तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें क्रिकेट (जूनियर व सीनियर), महिला क्रिकेट, कबड्डी (पुरुष व महिला), हॉकी (पुरुष व महिला), कुश्ती (पुरुष व महिला), बॉक्सिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स एवं खो-खो शामिल हैं। प्रत्येक खेल के लिए लगभग एक लाख रुपये की प्रायोजक राशि निर्धारित की गई है।
हाफ मैराथन का आयोजन
16 मई को सुबह 6:30 बजे अभयनपुर मैदान से गोपीगंज स्थित संदीप पैलेस तक हाफ मैराथन का आयोजन होगा। इस मैराथन के लिए दो लाख रुपये की प्रायोजक राशि रखी गई है। महोत्सव स्थल पर विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनके लिए प्रति स्टॉल 5000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
सांस्कृतिक संध्या और कवि सम्मेलन
15 मई की शाम 7:30 बजे से स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
16 मई को भव्य कवि सम्मेलन एवं मुशायरा आयोजित होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध कवि-शायर अंजुम रहबर, अरुण जेमिनी, मिश्र आफरीदी, महेश दुबे, सुदीप भोला, हेमंत पांडे एवं प्रबुद्ध सौरभ अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
बॉलीवुड नाइट के साथ समापन
महोत्सव का समापन 17 मई को बॉलीवुड नाइट के साथ होगा। इस अवसर पर चर्चित कलाकार सुगंधा मिश्रा सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर जनपदवासियों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।