Home / आज की ताजा खबर / भदोही में आंधी-तूफान का कहर: पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सांसद डॉ. विनोद बिंद, पीड़ित परिवारों को दिया हर संभव मदद का भरोसा

भदोही में आंधी-तूफान का कहर: पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सांसद डॉ. विनोद बिंद, पीड़ित परिवारों को दिया हर संभव मदद का भरोसा

संवाददाता भदोही

भदोही जनपद में बुधवार शाम आए भीषण आंधी और तूफान ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। प्राकृतिक आपदा में 18 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे जिले में शोक और मातम का माहौल है। हादसे के बाद गुरुवार को भदोही सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
सांसद ने शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचकर संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुखद घड़ी में सरकार एवं प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि हर प्रभावित परिवार को शासन स्तर से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद अधिकारियों से सांसद ने विस्तृत जानकारी ली और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि अस्पतालों में भर्ती घायलों का बेहतर इलाज कराया जाए और जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।


सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद ने कहा कि तेज आंधी और तूफान से जिले के कई गांव प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है ताकि नुकसान का सही आकलन कर पीड़ितों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में सभी जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मिलकर राहत कार्य में लगे हुए हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को सहायता से वंचित न रहना पड़े।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एडिशनल एसपी समेत स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। पोस्टमार्टम हाउस परिसर में परिजनों की भीड़ और शोकपूर्ण माहौल ने सभी को भावुक कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *