रजौली चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद
रजौली (नवादा)। रजौली चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग के तेज-तर्रार इंस्पेक्टर अमृत गुप्ता के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक बोलेरो को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। मौके पर ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया तथा शराब से लदी बोलेरो को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। रजौली चेक पोस्ट पर हर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि शराब तस्करों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। जब्त शराब की मात्रा का आकलन कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दिनेश कुमार बरनवाल की रिपोर्ट










