Home / Big Breking / नशीला इंजेक्शन देकर जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

नशीला इंजेक्शन देकर जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

वाराणसी ब्यूरो रिपोर्ट

वाराणसी। पिंडरा तहसील क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अस्पताल संचालक और उसके भाई पर नशीला इंजेक्शन देकर धोखे से जमीन की रजिस्ट्री कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत प्रशासन से करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना फूलपुर क्षेत्र के ग्राम बिंदा, सुरही निवासी अमरदेव यादव का आरोप है कि 12 फरवरी 2026 को वह दवा लेने के लिए LINEX HOSPITAL पहुंचे थे। पीड़ित का कहना है कि अस्पताल के संचालक लक्ष्मी शंकर यादव और उनके भाई कृपाशंकर यादव ने इलाज के नाम पर उन्हें नशीला इंजेक्शन लगा दिया।
अमरदेव यादव के मुताबिक इंजेक्शन लगाने के बाद दोनों ने उन्हें स्वास्थ्य बीमा कराने का झांसा दिया और अपने साथ पिंडरा तहसील ले गए। वहां पहुंचने के बाद उन्हें चाय पिलाई गई, जिसमें कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाया गया था। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और इसी दौरान आरोपियों ने उनके होश में न होने का फायदा उठाकर उनकी लगभग चार बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्हें होश आया और मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम का विरोध किया। इसके बाद उन्होंने प्रशासन से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी जमीन वापस दिलाई जाए।
वहीं इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसमें कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की मांग की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *