Home / प्रशासनिक खबरें / जिलाधिकारी के नेतृत्व में ईंट भट्ठों एवं मुसहर समाज के बच्चों हेतु विशेष नामांकन अभियान सम्पन्न

जिलाधिकारी के नेतृत्व में ईंट भट्ठों एवं मुसहर समाज के बच्चों हेतु विशेष नामांकन अभियान सम्पन्न

भदोही, दिनांक 19 मई 2026।

जनपद भदोही में शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व में ईंट भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिक परिवारों एवं मुसहर समाज के बच्चों हेतु विशेष नामांकन अभियान का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), ज्ञानपुर में किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भदोही एवं उनकी टीम, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं असिस्टेंट प्रोफेसर श्री रमेश उपस्थित रहे। विभिन्न बस्तियों से बस के द्वारा नामांकन हेतु 260 बच्चों एवं 250 अभिभावकों को बच्चों के प्रवेश हेतु लाया गया। जिलाधिकारी महोदय द्वारा स्वयं तीन बच्चों आकांक्षा,मनीषा एवं विशाल का प्रवेश पंजिका में अंकन किया गया। महोदय द्वारा शिक्षा की मुख्य धारा से वंचित मुसहर समाज एवं एट ईंट भट्टो में कार्य करने वाले श्रमिकों के बच्चों के शत प्रतिशत नामांकन करने का निर्देश दिया गया। भदोही जनपद बच्चों के नामांकन में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों के बच्चों को विद्यालयों से जोड़ते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा “कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे” की भावना को साकार करना रहा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भदोही ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में ईंट भट्ठों पर कार्यरत श्रमिक परिवारों एवं मुसहर समाज के बच्चों की पहचान कर विशेष प्रयासों के माध्यम से उन्हें विद्यालयों में नामांकित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, एमडीएम एवं अन्य शैक्षिक सुविधाएं डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे नियमित रूप से विद्यालय आ सकें और उनकी शिक्षा में कोई बाधा ना आए।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी महोदय ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और प्रशासन का लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईंट भट्ठों, मुसहर बस्तियों एवं अन्य वंचित क्षेत्रों में लगातार संपर्क अभियान चलाकर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज के कमजोर वर्गों के बच्चों को सम्मानजनक भविष्य प्रदान कर सकती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *