भदोही। जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल एवं सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतों, लगातार बढ़ती महंगाई तथा नीट परीक्षा घोटाले के विरोध में सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने महामहिम राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी भदोही के माध्यम से सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दामों में तत्काल कमी की जाए, पेट्रोलियम पदार्थों पर लगाए गए करों को घटाया जाए तथा बढ़ती महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। साथ ही नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग कर नई पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठाई।
जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार टैक्स बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। इसका सीधा असर गरीब, किसान, मजदूर, छात्र और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है और सरकार इस ओर गंभीर नहीं दिख रही है।
पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि नीट परीक्षा घोटाले ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेश मिश्रा, प्रेम बिहारी उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष मुशीर इक़बाल, सुरेश गौतम, सुबुकतगीन अंसारी, दिलीप मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद मौर्य, नाजिम अली, सुरेश चौहान, शिव पूजन मिश्रा, सवालेह अंसारी, शमशीर अहमद, अशोक मिश्रा, पाराशर, विष्णु उपाध्याय, सुमित शुक्ला, शक्ति मिश्रा, राकेश पाल, विशाल गौतम, अजय प्रजापति, गुलाब धर प्रजापति, मोनीश अंसारी, नरेश पाल एवं जनार्दन पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनहित के मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की मांग की।










