जोश सच का राष्ट्रीय मासिक पत्रिका
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित आजाद बिंद हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा जनआंदोलनकारी नेता जज सिंह अन्ना का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन मंगलवार को समाप्त हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जौनपुर के नवनियुक्त जिलाधिकारी ने जज सिंह अन्ना एवं मृतक के परिजनों को विशेष वार्ता के लिए आमंत्रित किया।
भीषण गर्मी में दो दिन तक निर्जला अनशन
बताया जाता है कि लगभग 45 डिग्री की झुलसाती गर्मी और भीषण लू के बीच अन्ना पिछले दो दिनों से बिना अन्न-जल ग्रहण किए अनशन पर डटे हुए थे। उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ने लगी थीं, जिससे प्रशासनिक अमले में भी हलचल तेज हो गई।
नवनियुक्त जिलाधिकारी द्वारा गंभीरता से वार्ता का प्रस्ताव दिए जाने और शीघ्र न्याय का आश्वासन मिलने के बाद अन्ना ने जूस ग्रहण कर अपना अनशन समाप्त किया।
एक सप्ताह में सख्त कार्रवाई का भरोसा
वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अनशन समाप्ति के बाद मीडिया से बातचीत में जज सिंह अन्ना ने कहा,
“हमने नए जिलाधिकारी की कार्यशैली और उनके आश्वासन पर भरोसा जताते हुए फिलहाल आंदोलन को विराम दिया है। लेकिन यदि तय समय सीमा के भीतर हत्यारों की गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो कलेक्ट्रेट परिसर में इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।”
न्याय की लड़ाई जारी रहने का संकल्प
इस दौरान पीड़ित परिवार के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
जौनपुर में इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि एक सप्ताह के भीतर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।










