Home / आज की ताजा खबर / कारपेट एक्सपो मार्ट, भदोही में Invest UP की टीम ने कालीन निर्यातकों संग की महत्वपूर्ण बैठक

कारपेट एक्सपो मार्ट, भदोही में Invest UP की टीम ने कालीन निर्यातकों संग की महत्वपूर्ण बैठक

भदोही। कारपेट सिटी भदोही स्थित कारपेट एक्सपो मार्ट में उत्तर प्रदेश सरकार की Invest UP की पांच सदस्यीय टीम ने कालीन उद्योग के विकास एवं उससे जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए कालीन निर्यातकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में Invest UP की ओर से एजीएम पॉलिसी निखिल दीक्षित, एजीएम इन्वेस्टमेंट पॉलिसी समीर मेहदी, कनेक्ट सेल के अंकुर कौशल तथा जिला उद्योग भदोही से राजेश कुमार (उद्यमी मित्र) उपस्थित रहे।
इस अवसर पर Carpet Export Promotion Council के उपाध्यक्ष असलम महबूब, प्रशासनिक समिति के सदस्य एवं एकमा के सचिव पियूष बरनवाल सहित प्रमुख कालीन निर्यातक अमित मौर्या, एजाज अहमद, पंकज बरनवाल, महफूज अहमद, असीम अंसारी, नफीस अहमद, तौसीफ अंसारी और संजय श्रीवास्तव समेत लगभग 20 उद्योग प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
लंबित कार्यों व मेगा टेक्सटाइल मेले पर चर्चा
बैठक में कारपेट एक्सपो मार्ट में लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर उसके नियमित संचालन को प्रारंभ कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही भदोही में मेगा टेक्सटाइल एवं कालीन मेले के आयोजन हेतु आवश्यक आधारभूत संरचना, एयर व रेल कनेक्टिविटी, होटल सुविधाएं एवं अन्य व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
आईटीआई में विशेष प्रशिक्षण व रियायती बिजली की मांग
उपाध्यक्ष असलम महबूब ने कहा कि कालीन परिक्षेत्र के जिलों—भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज और जौनपुर—के आईटीआई संस्थानों में कालीन बुनाई, धुलाई, कटाई, डिजाइन एवं फिनिशिंग से संबंधित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएं।
उन्होंने उद्योग को कम मूल्य पर भूमि उपलब्ध कराने, कालीन बुनकरों को पावरलूम बुनकरों की तर्ज पर फिक्स्ड रेट में बिजली देने तथा निर्यात शिपमेंट में एलसीएल योजना के तहत सब्सिडी प्रदान करने की मांग रखी।
कौशल विकास मिशन व विश्वकर्मा सम्मान योजना में शामिल करने का सुझाव
प्रशासनिक समिति सदस्य पियूष बरनवाल ने सुझाव दिया कि कालीन उद्योग को कौशल विकास मिशन के अंतर्गत विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने विश्वकर्मा सम्मान योजना के तहत कालीन बुनकरों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने तथा जीआई टैग के अंतर्गत कालीन निर्यातकों को प्रोत्साहन राशि देने की भी मांग की।
कालीन निर्यातक पंकज बरनवाल एवं संजय श्रीवास्तव ने भी उद्योग के लिए रियायती दर पर भूमि उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सरकार ने दिया सकारात्मक आश्वासन
बैठक में उपस्थित Invest UP की टीम ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों एवं मांगों पर उत्तर प्रदेश सरकार के साथ गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श कर उद्योग हित में आवश्यक एवं उचित कार्रवाई की जाएगी।
भदोही का कालीन उद्योग प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऐसे में इस बैठक को उद्योग के भविष्य के लिए अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *