भदोही। जनपद भदोही में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत संचालित कक्षा 1 से 12 तक के नवीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पाण्डेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों को समय सीमा के भीतर यूडायस कोड अद्यतन कराने के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, जिन विद्यालयों ने अभी तक अपना यूडायस कोड प्राप्त या अद्यतन नहीं कराया है, वे अपने विद्यालय की मान्यता आदेश की प्रति संलग्न करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आवेदन फार्म प्राप्त करें। आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरकर, मान्यता आदेश की छायाप्रति के साथ संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से अग्रसारित कराते हुए 25 मई 2026 तक ईएमआईएस सेल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय भदोही में अनिवार्य रूप से जमा कराना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही जिन विद्यालयों का शैक्षिक सत्र 2026-27 में अपग्रेडेशन हुआ है, उन्हें यूडायस+ पोर्टल पर अपग्रेड की प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु अपना प्रार्थना पत्र तथा अपग्रेड आदेश की प्रति भी 25 मई 2026 तक ईएमआईएस सेल में उपलब्ध करानी होगी।
प्रेस विज्ञप्ति में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने विभाग से संचालित मान्यता प्राप्त यूडायस कोड विहीन विद्यालयों को इस संबंध में अवगत कराएं।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड में यूडायस कोड विहीन विद्यालयों का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्पष्ट किया गया है कि जनपद में कोई भी मान्यता प्राप्त संचालित विद्यालय यूडायस कोड से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित सभी विद्यालय प्रबंधनों से निर्धारित तिथि के भीतर कार्यवाही पूर्ण करने की अपील की है
भदोही में नए एवं अपग्रेड विद्यालयों को 25 मई तक यूडायस कोड अपडेट कराने के निर्देश










