
भदोही। जिले भर में ईद का त्योहार पूरे उल्लास, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी ईदगाहों पर नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। निर्धारित समय पर इमामों की अगुवाई में ईद की नमाज अदा की गई, जिसमें अमन-चैन, आपसी सौहार्द और देश की खुशहाली के लिए विशेष दुआ मांगी गई।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाहों और आसपास के इलाकों में “ईद मुबारक” की गूंज सुनाई देती रही। इस दौरान हर वर्ग और उम्र के लोगों में उत्साह देखने को मिला, वहीं बच्चों में खासा उल्लास नजर आया।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने अज़ीमुल्लाह चौराहे सहित प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ईदगाहों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी आमजन से भी संवाद करते नजर आए और बच्चों व स्थानीय लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत की। उन्होंने सभी को ईद की शुभकामनाएं देते हुए शांति और भाईचारे का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, जबकि पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
भदोही में अकीदत के साथ मनाई गई ईद, प्रशासन की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण माहौल










