भदोही डायट में दो दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण संपन्न
📍 भदोही
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) भदोही में नवगठित शोध एवं नवाचार प्रकोष्ठ के अंतर्गत उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए दो दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 23 एवं 24 मार्च को किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य श्री विकास चौधरी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर संयोजक डॉ. सुलभ श्रीवास्तव ने मुख्य सन्दर्भदाताओं का परिचय कराया, जिनमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालय आर्य कन्या डिग्री कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अवधेश कुमार एवं सीएमपी डिग्री कॉलेज के भूगोल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रणयकांत विश्वास शामिल रहे।
दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र के दौरान डॉ. अवधेश कुमार ने शिक्षण प्रक्रिया में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) के प्रभावी उपयोग, भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों, नीति निदेशक तत्वों एवं मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं डॉ. प्रणयकांत विश्वास ने प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं, आपदा प्रबंधन, महासागरीय विज्ञान, ज्वार-भाटा एवं समुद्री तरंगों के विषय में शिक्षकों को विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के समापन पर संयोजक डॉ. अनामिका तिवारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जिससे उनकी शैक्षणिक दक्षता में वृद्धि की उम्मीद जताई गई।









