Home / देश विदेश की खबरें / श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव

भदोही। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय महाविद्यालय भदोही में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी विंध्याचल मंडल मिर्जापुर प्रो. चंद्र प्रकाश द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय महाविद्यालय बरकी के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार उपस्थित रहे।

 

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. माया ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। आंतरिक आश्वासन गुणवत्ता प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. राजकुमार सिंह यादव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सत्र 2025-26 की शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘प्रबोधिनी’ का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर परिश्रम एवं ज्ञानार्जन के माध्यम से सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही महाविद्यालय का आईना होते हैं और उनकी उपलब्धियां शिक्षकों के समर्पण को दर्शाती हैं।

शैक्षिक उत्कृष्टता के लिए स्नातक कला वर्ग में स्वाती यादव, विज्ञान वर्ग में अक्सा निगार तथा परास्नातक वर्ग में नाजिया बानो को सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। कला वर्ग में सर्वोत्तम छात्र-छात्रा का पुरस्कार सुनील मौर्य एवं अनीशा को तथा विज्ञान वर्ग में प्रकाश मौर्य एवं आफिया बानो को प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’, मिशन शक्ति, सड़क सुरक्षा अभियान, नवाचार परिषद, राष्ट्रीय सेवा योजना, रोवर्स-रेंजर्स, मतदाता जागरूकता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति गीत, लोकगीत, एकल व सामूहिक नृत्य तथा नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘हे शारदे’, ‘ए गिरी नंदिनी’ और ‘ढोल बाजे’ विशेष आकर्षण रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रुस्तम अली ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजकुमार सिंह यादव ने प्रस्तुत किया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *