*ग्रेगर जॉन मेंडल जयंती सप्ताह पर मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल हिसुआ में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन*
हिसुआ (नवादा): आधुनिक आनुवंशिकी के जनक एवं महान वैज्ञानिक ग्रेगर जॉन मेंडल की जयंती सप्ताह के अवसर पर मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, हिसुआ के बहुउद्देशीय सभागार में मंगलवार को भव्य वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, प्रभावी अभिव्यक्ति तथा समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ. अनुज सिंह ने महान वैज्ञानिक ग्रेगर जॉन मेंडल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन तीन सत्रों में किया गया। प्रथम सत्र में कक्षा पाँचवीं एवं छठी, द्वितीय सत्र में सातवीं एवं आठवीं तथा तृतीय सत्र में नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा पाँचवीं एवं छठी के विद्यार्थियों ने *”जलवायु परिवर्तन”*, सातवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों ने *”डिजिटल लर्निंग”* तथा नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने *”सोशल नेटवर्किंग का युवाओं पर दुष्प्रभाव”* विषय पर पक्ष एवं विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए *डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आलोचनात्मक सोच, तार्किक विश्लेषण, प्रभावी संचार कौशल तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, उत्साह और उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।*
कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सफल पहल बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के विज्ञान शिक्षक गोपाल कृष्ण, पंकज पांडेय, कमलेश, गौरव कुमार एवं सूरज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










