*स्वतंत्रता दिवस, पावन श्रावण मास एवं रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल हिसुआ में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम*
*नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से मोहा मन, गीत-संगीत और नृत्य का रहा शानदार संगम*
हिसुआ। मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, हिसुआ के बहुउद्देशीय सभागार में स्वतंत्रता दिवस, पावन श्रावण मास एवं रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में तीन सत्रों में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अभिभावकों एवं दर्शकों का दिल जीत लिया।
*कार्यक्रम का उद्घाटन मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ. अनुज सिंह तथा विद्यालय के प्राचार्य योग लाल चौधरी, शिक्षक प्रवीण कुमार पंकज एवं एस.के. रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के प्राचार्य ने निदेशक महोदय का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चारण से हुई।*
*उद्घाटन के पश्चात निदेशक डॉ. अनुज सिंह ने अपने संबोधन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निरंतर अध्ययन से उत्पन्न होने वाली एकरसता को दूर कर सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों में नए उत्साह का संचार करती हैं तथा उन्हें पूरे मनोयोग से अध्ययन के प्रति प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि मॉडर्न शैक्षणिक समूह शिक्षा के साथ-साथ खेल, संगीत, नृत्य एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है।*
*नन्हे बच्चों ने बिखेरा प्रथम सत्र में देशभक्ति का रंग*
प्रथम सत्र की शुरुआत सुमन, निशा, वर्णिका, प्राची एवं तेजस्वी द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद नर्सरी एवं यूकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। ‘नन्हा मुन्ना राही हूँ’, ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ तथा ‘हम भारत के उजाला हैं’ जैसी प्रस्तुतियों ने सभागार में देशभक्ति का वातावरण बना दिया।
इसके बाद ‘देश रंगीला-रंगीला’ गीत पर बच्चों की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। प्रथम सत्र में तनु, नंदिता, हिमांशु, अनुभव, श्वेता एवं साक्षी की उद्घोषणा भी सराहनीय रही।
*कजरी और सावन के गीतों से सजा दूसरा सत्र*
द्वितीय सत्र में वर्ग पंचम से सप्तम तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सावन के पारंपरिक कजरी गीत ‘हरे रामा, रिमझिम बरसे बदरिया’ से हुई, जिसकी शानदार प्रस्तुति अनुष्का, सुमन एवं आम्या ने दी।
इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक गीत, संगीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों का दिल जीत लिया। सावन की रिमझिम फुहार और भारतीय लोक-संस्कृति की झलक प्रस्तुतियों में स्पष्ट दिखाई दी।
*भक्ति, संगीत और नृत्य से सराबोर रहा तृतीय सत्र*
तृतीय सत्र में वर्ग अष्टम से दशम तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस सत्र की शुरुआत आदर्श एवं अतुल द्वारा स्वयं हारमोनियम एवं तबला वादन करते हुए प्रस्तुत किए गए राम-हनुमान भक्ति गीत से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न गीतों एवं नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
तृतीय सत्र में अनुपम, तनु तथा तनु एवं स्नेहा की जोड़ी की नृत्य प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। उनकी प्रस्तुति पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों, तालियों की गड़गड़ाहट और नन्हे बच्चों की उत्साहपूर्ण आवाजों से गूंजता रहा। अंजलि, नन्ही, ज्योति, मानसी, श्रेया, स्नेहा, आलोक, आरव, शेखर, शिवम, प्रियांशी, शैल्या, विराट एवं आदित्य सहित अन्य विद्यार्थियों की उद्घोषणा भी प्रशंसनीय रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगीत शिक्षक पवन कुमार सिन्हा, अनिल कुमार विश्वकर्मा एवं नृत्य शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारी राजेश कुमार एवं नम्रता कुमारी ने भी कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, भारतीय संस्कृति, भाईचारे एवं रचनात्मक प्रतिभा का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया और उपस्थित सभी लोगों के लिए इसे यादगार बना दिया।









