डिजिटल तकनीक से परखा गया गेहूं उत्पादन

जिलाधिकारी ने पाली में कराया क्रॉप कटिंग प्रयोग, किसानों से किया संवाद
भदोही, 03 अप्रैल 2026।
जनपद में रबी फसलों के वास्तविक उत्पादन के आकलन एवं फसल बीमा दावों की सटीकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित क्रॉप कटिंग प्रयोग के अंतर्गत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने तहसील ज्ञानपुर के ग्राम पाली में गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग कराकर उत्पादकता का वैज्ञानिक परीक्षण कराया।
जिलाधिकारी ने किसान श्रीमती पान देवी एवं श्री शीतला प्रसाद के खेतों में निर्धारित मानक के अनुसार 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फसल की कटाई कराई। कटाई के बाद थ्रेसिंग कर वजन कराया गया, जिसमें क्रमशः 18.02 किलोग्राम एवं 14.71 किलोग्राम उत्पादन प्राप्त हुआ। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर औसत उत्पादन लगभग 38 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंका गया।
यह संपूर्ण प्रक्रिया भारत सरकार द्वारा विकसित सीसीई (CCE) एग्री ऐप के माध्यम से ऑनलाइन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही जियो-टैगिंग एवं डेटा अपलोड की प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनी रहे। अधिकारियों ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग से प्राप्त आंकड़े फसल बीमा योजना, उत्पादन अनुमान एवं सरकारी खरीद नीति के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए कहा कि वैज्ञानिक विधियों के माध्यम से फसल उत्पादन का आकलन शासन की योजनाओं को सही दिशा देने में सहायक है। उन्होंने किसानों को उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक प्रयोग, सिंचाई प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाली–सुरियावां मार्ग पर नव निर्मित सड़क की साइड पटरी के कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि साइड पटरी का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा गुणवत्ता में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर भान सिंह, तहसीलदार अजय सिंह, जिला कृषि अधिकारी सुश्री इरम कुमारी, अपर सांख्यिकी अधिकारी रवि प्रकाश, फसल बीमा प्रतिनिधि धर्मेन्द्र कुमार, राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी, लेखपाल चंद्रभान सिंह, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गोपीगंज मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र का शुभारंभ कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों से गेहूं की खरीद पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।










