भदोही। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आ रही है। लगातार हो रही अघोषित कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से आमजन का जीवन बेहाल हो गया है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने से दिन में जहां सड़कों पर सन्नाटा पसरा है, वहीं रात में बिजली की आंखमिचौली ने लोगों की नींद छीन ली है।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग घंटों बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। कई मोहल्लों में हर दस से पंद्रह मिनट पर ट्रिपिंग होने से पंखे, कूलर और एसी बंद हो जा रहे हैं, जिससे उमस और गर्मी से लोगों का बुरा हाल है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा घोषित रोस्टर के अनुसार भी आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। दिन में कई बार बिना सूचना के बिजली काट दी जाती है, जबकि रात में भी कटौती का सिलसिला जारी रहता है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है।
व्यापारियों का कहना है कि लगातार बिजली जाने से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में खराबी की आशंका बढ़ गई है, वहीं छोटे दुकानदारों को जनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है। गांवों में कई-कई घंटों तक बिजली गायब रहने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है। मोटर न चल पाने के कारण लोगों को पानी भरने के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
जनता का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। बिजली विभाग के अधिकारी ओवरलोड और बढ़ती मांग का हवाला देकर व्यवस्था सुधारने की बात कह रहे हैं, लेकिन लोगों में बढ़ती गर्मी के बीच नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने तथा अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
भीषण गर्मी में बिजली संकट से भदोही बेहाल अघोषित कटौती और लगातार ट्रिपिंग से जनजीवन अस्त-व्यस्त, उमस भरी रातों में बढ़ी लोगों की परेशानी










