Home / क्राइम न्यूज़ / पार्सल देने के बहाने बुलाए गए किशोर की संदिग्ध मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

पार्सल देने के बहाने बुलाए गए किशोर की संदिग्ध मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

चौरी थाना क्षेत्र के वेदमनपुर गांव में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी

भदोही प्रिंस गुप्ता की रिपोर्ट

     भदोही बनारस रोड चौरी बाजार में चक्का जाम करते ग्रामीण

भदोही। चौरी थाना क्षेत्र के वेदमनपुर गांव में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चौरी बाजार स्थित मलिक मोड़ पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

मृतक की पहचान पिंटू धीवर (14) पुत्र निवासी वेदमनपुर के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पिंटू को एक व्यक्ति द्वारा पार्सल देने के बहाने बुलाया गया था। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई तथा उसे जबरन कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने चौरी बाजार के मलिक मोड़ पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।

पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *