*IAS की नौकरी छोड़ सियासत में दिव्या मित्तल की एंट्री, बोलीं—किसी दल से नहीं जुड़ूंगी*
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा छोड़ने के बाद राजनीति में कदम रखने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि वह किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ेंगी और उत्तर प्रदेश से स्वतंत्र रूप से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करेंगी।
दिव्या मित्तल ने कहा कि उत्तर प्रदेश उनकी कर्मभूमि रहा है और वह आम लोगों की समस्याओं तथा युवाओं, शिक्षा, रोजगार और व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर काम करना चाहती हैं। उनका कहना है कि राजनीति का उद्देश्य केवल पद हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव होना चाहिए।
2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 साल की सेवा के बाद इस्तीफा दिया था, जो 15 सितंबर 2026 से प्रभावी हुआ। मिर्जापुर की जिलाधिकारी रहते हुए ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल पहुंचाने की पहल को लेकर भी वह चर्चा में रही थीं। फिलहाल उन्होंने चुनाव लड़ने या किसी नए राजनीतिक मंच के गठन को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।









