एटीएस की कार्रवाई: हैंड ग्रेनेड और पिस्टल से वारदात की थी तैयारी, कई चर्चित लोग थे निशाने पर
लखनऊ/नोएडा। उत्तर प्रदेश एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर उत्तर प्रदेश में टारगेट किलिंग की साजिश रचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला और पुरानी दिल्ली के सीमापुरी निवासी समीर खान के रूप में हुई है। दोनों को नोएडा से दबोचा गया।
एटीएस के अनुसार, दोनों आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी उर्फ आबिद जट के संपर्क में थे। सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी बातचीत शुरू हुई थी, जिसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश में कुछ चर्चित व्यक्तियों को निशाना बनाने का निर्देश दिया गया।
जांच में सामने आया है कि शहजाद भट्टी ने तुषार चौहान को टारगेट किलिंग के एवज में तीन लाख रुपये का लालच दिया था। वारदात को अंजाम देने के लिए हैंड ग्रेनेड और पिस्टल का इस्तेमाल किया जाना था।
एटीएस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी समीर खान को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर दीवारों पर “TTH – तहरीक ए तालिबान हिंदुस्तान” लिखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, ताकि दहशत का माहौल बनाया जा सके।
पिछले कुछ महीनों में दोनों आरोपियों द्वारा कई लोगों को फोन पर जान से मारने की धमकियां देने की भी पुष्टि हुई है। धमकी के दौरान कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर को भी जोड़ा जाता था, जिससे साजिश की गंभीरता और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन उजागर हुआ है।
एटीएस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। एजेंसियां उनके नेटवर्क, फंडिंग और संभावित सहयोगियों की भी गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया।










