संवाददाता, भदोही।
भदोही महोत्सव 2026 के तीन दिवसीय आयोजन (15, 16 एवं 17 मई) का शुभारंभ गुरुवार की प्रातः अभनपुर खेल मैदान, चौरी रोड भदोही में भव्य योग सत्र के साथ हुआ। सुबह की ताजी हवा और उत्साहपूर्ण वातावरण में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में भदोही महोत्सव के अध्यक्ष कृष्णा मिश्रा, जीवनदीप समिति के डायरेक्टर डॉ. ए.के. गुप्ता सहित विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने सहभागिता करते हुए योग किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और नियमित योग से शरीर एवं मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। भदोही महोत्सव का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता और आपसी भाईचारे का संदेश देना भी है।
सुबह से ही मैदान में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर योग सत्र में भाग लिया। आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले भदोही महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, सम्मान समारोह, लोकगीत, नृत्य एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले भर के लोग भाग लेंगे।








