भदोही में अवैध गांजा तस्करी
22 किलो 360 ग्राम गांजा, ₹1900 नकद व स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद; एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
भदोही। अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक भदोही के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को शुभम अग्रवाल अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए फत्तूपुर पावर हाउस के पास से दो इनामिया समेत तीन अंतर्जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक बोरी में 22 किलो 360 ग्राम अवैध गांजा, तलाशी के दौरान ₹1900 नकद तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर थाना भदोही में मु0अ0सं0 150/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट व 207 एमवी एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों का चालान न्यायालय किया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे बाइक से बोरी में गांजा बांधकर बिक्री के लिए ले जा रहे थे। बाइक चोरी की बताई गई है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कपसेठी क्षेत्र से गांजा सस्ते दाम में खरीदकर महंगे दाम पर बेचते थे और मुनाफा आपस में बांट लेते थे। इसी अवैध कमाई से ऐशो-आराम की जिंदगी व्यतीत कर रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
राजू पुत्र कल्लू उर्फ अनवर, निवासी अंबेडकर नगर वार्ड नं. 01, थाना सुरियावां, उम्र लगभग 25 वर्ष।
₹25,000 का इनामिया सोनू पुत्र लाले, निवासी अंबेडकर नगर वार्ड नं. 01, थाना सुरियावां, उम्र 24 वर्ष।
₹50,000 का इनामिया कल्लू उर्फ अनवर पुत्र जलालुद्दीन, निवासी वार्ड नं. 02 अंबेडकर नगर, थाना सुरियावां, उम्र लगभग 54 वर्ष।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, तीनों अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
सोनू पर विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, मारपीट व एससी/एसटी एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।
राजू पर आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, लूट व गुंडा एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
कल्लू उर्फ अनवर के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, अवैध मादक पदार्थ तस्करी, अवैध शस्त्र, बलात्कार व मारपीट समेत विभिन्न जनपदों में कुल 69 मुकदमे पंजीकृत बताए गए हैं।
पुलिस टीम को मिली सफलता
गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पाण्डेय के नेतृत्व में थाना भदोही पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










