लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के परिवार से बुधवार को बेहद दुखद खबर सामने आई। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 6 बजे की है। हालांकि अभी तक परिवार की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हुई है।
प्रतीक यादव राजनीति से दूरी बनाए रखते थे, लेकिन यादव परिवार का हिस्सा होने के कारण वे हमेशा चर्चा में रहते थे। उनका व्यवहार बेहद सरल और सौम्य माना जाता था। उनके निधन की खबर सामने आते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक हस्तियों ने सोशल मीडिया पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करनी शुरू कर दीं।
यादव परिवार पहले ही कई बड़े राजनीतिक और निजी उतार-चढ़ाव देख चुका है। ऐसे में प्रतीक यादव के असमय निधन ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। लखनऊ समेत प्रदेशभर में उनके परिचितों और समर्थकों के बीच शोक का माहौल है।
सैफई परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का निधन










