Home / आज की ताजा खबर / एकमा में निर्यातकों को दी गई वैश्विक व्यापार की जानकारी, एफटीए और सरकारी योजनाओं पर हुआ मंथन

एकमा में निर्यातकों को दी गई वैश्विक व्यापार की जानकारी, एफटीए और सरकारी योजनाओं पर हुआ मंथन

संवाददाता : प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन संचालित टेक्सटाइल्स कमेटी द्वारा संचालित टेक्सटाइल एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन सेंटर (टीईएफसी), वाराणसी के तत्वावधान में गुरुवार को नगर के मर्यादपट्टी स्थित कालीन भवन के एकमा सभागार में निर्यातकों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कालीन एवं वस्त्र निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार, मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), डिजिटल निर्यात सुविधाओं तथा सरकारी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय कालीन एवं वस्त्र निर्यातकों को बदलते वैश्विक व्यापारिक परिवेश के अनुरूप तैयार करना तथा उनकी निर्यात क्षमता को बढ़ाना रहा।
मुख्य अतिथि आईआईसीटी के निदेशक प्रो. डॉ. राजीव वाष्णेय ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि निर्यातकों को नई तकनीकों और वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करना होगा। उन्होंने निर्यात बढ़ाने के लिए गुणवत्ता, नवाचार और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के सहायक महानिदेशक राजन जोशी ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, मुक्त व्यापार समझौतों और निर्यात प्रोत्साहन संबंधी सुविधाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने निर्यातकों को सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
वहीं टेक्सटाइल्स कमेटी वाराणसी के सहायक निदेशक बृजेश शुक्ला ने निर्यातकों को एफटीए और ट्रेड कनेक्ट पोर्टल के माध्यम से निर्यात बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाना अब पहले से अधिक आसान हो गया है।
ईसीजीसी लिमिटेड वाराणसी के शाखा प्रबंधक मुरलीधर महतो ने बैंकिंग सुविधाओं, ऋण योजनाओं और ईसीजीसी की बीमा योजनाओं की जानकारी देते हुए निर्यातकों को जोखिम प्रबंधन के प्रति जागरूक किया।
एकमा के मानद सचिव पीयूष बरनवाल ने मशीन निर्मित कालीनों के लिए अलग एचएसएन कोड तथा रोडेटेप केप वैल्यू हटाने जैसे मुद्दों पर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे कालीन उद्योग को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान निर्यातकों द्वारा पूछे गए सवालों का अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर पूर्व एकमा अध्यक्ष प्रकाशचंद्र जायसवाल, शिवसागर तिवारी, जयप्रकाश गुप्ता, हाजी अब्दुल सत्तार अंसारी, हाजी इश्तियाक खां, राजीव गुप्ता, अमित मेहंदी, सादिक अली अंसारी, मनोज जायसवाल, वसीम अंसारी, रविंद्र मेहंदी, साजिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में कालीन निर्यातक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन टेक्सटाइल्स कमेटी वाराणसी के सहायक निदेशक अम्बरीश सिंह ने किया तथा सभी आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *