Home / आज की ताजा खबर / भदोही में डिजिटल जनगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट, न्यायिक अधिकारियों ने कराया स्वजनगणना पंजीकरण

भदोही में डिजिटल जनगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट, न्यायिक अधिकारियों ने कराया स्वजनगणना पंजीकरण

📍भदोही,
भारत की 16वीं जनगणना यानी जनगणना-2027 को लेकर भदोही जनपद में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनपद में डिजिटल जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

एक ओर जहां जनगणना कार्य के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, वहीं दूसरी ओर न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वजनगणना पंजीकरण कराकर जागरूकता अभियान को भी गति दी जा रही है।

प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 3229 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाए गए हैं। जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में जनगणना कार्य के लिए 10 चार्ज अधिकारी, 2967 प्रगणक एवं 457 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी कर्मियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हुए 22 मई 2026 से 22 जून 2026 तक क्षेत्र में कार्य करने के लिए भेजा गया है। प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण करेंगे तथा निर्धारित प्रारूप के अनुसार सूचनाएं संकलित करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं विकासात्मक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों का निर्माण किया जाता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सही जानकारी अत्यंत आवश्यक है।
जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा 54 फील्ड ट्रेनर एवं 2 मास्टर ट्रेनर भी नियुक्त किए गए हैं। ये प्रशिक्षक फील्ड में जाकर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को तकनीकी एवं व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
वहीं जनपद में स्वजनगणना अभियान को गति देने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल ने जनपद न्यायाधीश अखिलेश दुबे, अपर जिला जज श्रीमती पुष्पा सिंह एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वयं ऑनलाइन जनगणना पंजीकरण कराया।
इस अवसर पर अधिकारियों को ऑनलाइन जनगणना प्रक्रिया, आवश्यक विवरण भरने तथा पोर्टल के उपयोग संबंधी जानकारी भी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार होती है, इसलिए सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रशासन एवं प्रगणकों का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने ऑनलाइन स्व-गणना करने वाले नागरिकों से अपनी एसईआईडी प्रगणकों को उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया, ताकि जनपद की सही एवं अद्यतन जनसंख्या संबंधी जानकारी संकलित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *