मिर्जापुर ब्यूरो रिपोर्ट
रेबीज का खौफनाक रूप: मिर्जापुर में 17 वर्षीय किशोर की हालत गंभीर लापरवाह
मिर्जापुर। जिले से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां कुत्ते के काटने के बाद समय पर पूरा इलाज न होने से 17 वर्षीय किशोर की हालत गंभीर हो गई है। बताया जा रहा है कि किशोर में अब रेबीज संक्रमण के लक्षण दिखाई देने लगे हैं, जिससे पूरा परिवार सदमे में है और चिकित्सक भी स्थिति को बेहद नाजुक बता रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मिर्जापुर के रहने वाले 17 वर्षीय करण को करीब चार महीने पहले एक कुत्ते ने काट लिया था। परिजनों ने शुरुआत में इसे सामान्य चोट समझकर गंभीरता से नहीं लिया और एंटी-रेबीज टीकाकरण का पूरा कोर्स नहीं कराया। इसी लापरवाही के कारण अब किशोर के शरीर में रेबीज का संक्रमण फैल गया है।
डॉक्टरों के अनुसार रेबीज का वायरस मस्तिष्क तक पहुंचने के बाद मरीज में कई असामान्य लक्षण दिखाई देने लगते हैं। बताया जा रहा है कि किशोर को पानी से डर लगना, अजीब आवाजें निकालना और असामान्य व्यवहार जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि एक बार रेबीज के स्पष्ट लक्षण सामने आने के बाद उपचार बेहद कठिन हो जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि कुत्ते या किसी भी जानवर के काटने को कभी हल्के में न लें। ऐसे मामलों में तुरंत घाव को साबुन और साफ पानी से धोकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाना जरूरी है। पहला इंजेक्शन 24 घंटे के भीतर लगवाना बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है और पूरा टीकाकरण कोर्स समय पर पूरा करना चाहिए।
यह घटना लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी मानी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने भी आमजन से जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की अपील की है, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।







