खाकी पर दाग: मुंबई में ₹1.5 लाख की रिश्वत लेते धरा गया API, ACB की बड़ी कार्रवाई
मुंबई (इंद्र यादव) मुंबई,पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई हुई है। मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में तैनात सहायक पुलिस निरीक्षक (API) तुषार तात्यासाहेब काले को भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (ACB) ने 1.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के भाई के खिलाफ बांद्रा कोर्ट में एक क्रिमिनल केस चल रहा था, जिसकी जांच का जिम्मा API तुषार काले के पास था। इस मामले में भाई के पक्ष में जांच रिपोर्ट तैयार करने और मदद करने के बदले में आरोपी अधिकारी ने 3 लाख रुपये की भारी-भरकम रिश्वत मांगी थी।
ACB का बिछाया गया जाल
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने मुंबई ACB ऑफिस जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए ACB ने जाल बिछाया। मोलभाव (सेटिंग) के बाद मामला 1,50,000 रुपये पर तय हुआ।
जैसे ही API तुषार काले ने रिश्वत की यह रकम स्वीकार की, पहले से घात लगाकर बैठी ACB की टीम ने उन्हें दबोच लिया।
मामले का विवरण -आरोपी अधिकारी: तुषार तात्यासाहेब काले (40 वर्ष), सहायक पुलिस निरीक्षक, खार पुलिस स्टेशन।
रिश्वत की मांग: ₹3,00,000/-
स्वीकार की गई रकम: ₹1,50,000/-
धारा: भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज।
ACB की अपील
इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक दीपिका डोंगरे और सहायक पुलिस आयुक्त प्रवीण नावदकर ने किया। भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो तुरंत उनके टोल-फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 8828241064 पर संपर्क करें।









