Home / Big Breking / थाने के भीतर ‘डायरी सरकाने’ का खेल कैमरे में कैद, एसएसआई सस्पेंड

थाने के भीतर ‘डायरी सरकाने’ का खेल कैमरे में कैद, एसएसआई सस्पेंड

थाने के भीतर ‘डायरी सरकाने’ का खेल कैमरे में कैद, 

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अछनेरा कोतवाली में तैनात एक वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) का कथित रिश्वत लेते हुए वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है।

बताया जा रहा है कि घटना कोतवाली परिसर के अंदर की है, जहां कुछ आगंतुक अपनी शिकायत या कार्य के सिलसिले में पहुंचे थे। इसी दौरान दरोगा जी ने अपनी डायरी आगंतुकों की ओर सरका दी। आगंतुकों ने डायरी में कुछ रखा और फिर उसे वापस दरोगा की ओर बढ़ा दिया। दरोगा ने डायरी खोलकर उसमें से कुछ निकाला और अपने पास रख लिया। यह पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। प्रथम दृष्टया इसे रिश्वत लेने का मामला मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी एसएसआई को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद आम जनता में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थाने के भीतर ही इस तरह के कृत्य होते हैं, तो आम आदमी न्याय की उम्मीद कैसे कर सकता है। फिलहाल, जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने इस घटना को बेहद गंभीर बना दिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *