Home / आज की ताजा खबर / भदोही महोत्सव के बाद “सुपर सक्सेस 2026” सम्मान समारोह बना सवालों और आरोपों का मंच, प्रशासनिक सहयोग पर उठे गंभीर प्रश्न

भदोही महोत्सव के बाद “सुपर सक्सेस 2026” सम्मान समारोह बना सवालों और आरोपों का मंच, प्रशासनिक सहयोग पर उठे गंभीर प्रश्न

भदोही। तीन दिवसीय भदोही महोत्सव 2026 के सफल समापन के बाद बुधवार को आयोजित “सुपर सक्सेस 2026” धन्यवाद समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह आयोजन महोत्सव से जुड़े संघर्षों, अनुभवों और प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवालों का भी साक्षी बना।

जीवन दीप हॉस्पिटल के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में भदोही महोत्सव सोसायटी द्वारा मीडियाकर्मियों, यूट्यूबर्स और ब्लॉगर्स को सम्मानित किया गया। समारोह में सोसायटी के अध्यक्ष कृष्णा मिश्रा, सचिव डॉ. ए.के. गुप्ता, कोषाध्यक्ष सीए के.पी. दुबे, उपाध्यक्ष सीए आर.सी. त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंच से जहां महोत्सव की सफलता पर आभार व्यक्त किया गया, वहीं आयोजन से जुड़ी चुनौतियों और कथित प्रशासनिक उपेक्षा का मुद्दा भी खुलकर सामने आया।
सोसायटी अध्यक्ष कृष्णा मिश्रा ने भावुक अंदाज में कहा कि भदोही महोत्सव को सफल बनाने के लिए आयोजकों को कई स्तरों पर दबाव और बाधाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि फंड उपलब्ध होने के बावजूद आयोजन स्थल बदलने और निर्धारित तिथियों पर कार्यक्रम न होने देने की कोशिशें लगातार होती रहीं।
उन्होंने कहा कि अभयनपुर मैदान में कार्यक्रम कराने को लेकर भी कई तरह के अवरोध उत्पन्न किए गए, लेकिन सोसायटी के पदाधिकारियों और सहयोगियों के अथक प्रयासों से आखिरकार 15, 16 और 17 मई को महोत्सव सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सका।
कृष्णा मिश्रा ने भदोही महोत्सव के शुरुआती दौर को याद करते हुए कहा कि तत्कालीन जिलाधिकारी विशाख जी के कार्यकाल में प्रशासन का पूरा सहयोग मिलता था, जिससे आयोजन सहजता से संपन्न होता था। लेकिन इस बार, उनके अनुसार, प्रशासन की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महोत्सव के तीनों दिनों में प्रशासनिक अधिकारियों, शासन के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति का आश्वासन दिया गया था, परंतु कोई भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ।
अपने संबोधन में मिश्रा ने जिले के जनप्रतिनिधियों पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिले के नेताओं ने भी प्रशासन का ही पक्ष लिया और महोत्सव को लेकर खुलकर समर्थन नहीं किया। इसी दौरान उनके द्वारा दिया गया बयान —
“यहां के नेताओं को कोढ़ हो चुका है, जो भदोही महोत्सव पर कुछ बोलने से कतराते हैं”
कार्यक्रम में चर्चा का केंद्र बन गया।
हालांकि, तमाम आरोपों और नाराजगी के बीच समारोह का मुख्य उद्देश्य महोत्सव को सफल बनाने वाले मीडिया और सोशल मीडिया सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करना रहा। मंच से आयोजकों ने कहा कि जनता के सहयोग और टीम की मेहनत ने ही भदोही महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *