Home / प्रशासनिक खबरें / भदोही में प्रदूषण मानकों का उल्लंघन: जिलाधिकारी के निर्देश पर ईंट भट्ठा बंद 

भदोही में प्रदूषण मानकों का उल्लंघन: जिलाधिकारी के निर्देश पर ईंट भट्ठा बंद 

 

भदोही। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मुख्यालय लखनऊ के पत्र संख्या-एच्च43137/वृत्त-6/ईंट भट्ठा-694/बंदी आदेश/वाराणसी/2025 दिनांक 31.10.2025 के क्रम में जनपद भदोही में संचालित एक ईंट भट्ठे पर बड़ी कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरसी कुमार ईंट उद्योग (वर्तमान नाम मैसर्स सागर इंटरप्राइजेज), ग्राम भवेश पट्टी में वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 (यथासंशोधित) के तहत जारी बंदी आदेश के अनुपालन में मंगलवार, 16 अप्रैल 2026 को प्रशासन ने भट्ठे का संचालन बंद करा दिया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित समिति ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित की। इस दौरान ईंट भट्ठे में स्थापित फीडर मशीन को विभागीय अधिकारियों द्वारा जेसीबी से हटवाकर संचालन पूर्णतः ठप करा दिया गया।

अधिकारियों ने भट्ठा स्वामी/प्रतिनिधि को स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से विधिवत सहमति प्राप्त किए बिना किसी भी दशा में संचालन पुनः प्रारंभ न किया जाए।

मौके पर उप जिलाधिकारी (न्यायिक), तहसीलदार औराई, खान निरीक्षक भदोही, वैज्ञानिक सहायक (क्षेत्रीय कार्यालय, उ.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड वाराणसी), अग्निशमन विभाग के अधिकारी तथा ईंट भट्ठा स्वामी उपस्थित रहे।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य भट्ठा संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *