रजपुरा चौराहा अतिक्रमण हटाने सड़क पर उतरे एसडीएम और सीओ, दुकानदारों को मंगलवार तक की मोहलत

भदोही। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को थाना भदोही क्षेत्र के रजपुरा चौराहा, तहसील रोड एवं आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान जिलाधिकारी शैलेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में संचालित किया गया।
उपजिलाधिकारी अरुण गिरी तथा क्षेत्राधिकारी अशोक मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को लाल निशान के पीछे ही अपना सामान रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी करते हुए आगामी मंगलवार तक स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माना भी लगाया जाएगा।
अभियान के दौरान पुलिस बल एवं नगर प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं आम नागरिकों ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल का स्वागत किया।










