अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज की घटना की कड़ी निंदा, कार्रवाई की मांग
भदोही ब्यूरो रिपोर्ट
भदोही। भदोही बार एसोसिएशन, तहसील भदोही की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की घटना की घोर निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार बिन्द एडवोकेट ने की।
बैठक में कहा गया कि अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों पर किसी भी प्रकार का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
बार एसोसिएशन के महामंत्री अशोक पासी एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ताओं के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए अधिवक्ता समाज की एकजुटता पर जोर दिया। प्रस्ताव की प्रति संबंधित अधिकारियों को भेजे जाने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अधिवक्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।










