सीईपीसी 50वां इंडिया कार्पेट एक्सपो अब भदोही में

भदोही। कालीन नगरी भदोही के लिए गर्व और उत्साह की खबर है। 15 अप्रैल 2026 को Carpet Export Promotion Council (सीईपीसी) के क्षेत्रीय कार्यालय, Carpet Expo Mart, कार्पेट सिटी भदोही में परिषद के अध्यक्ष कैप्टन मुकेश कुमार गोम्बर की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। अब 50वां इंडिया कार्पेट एक्सपो (ICE) भदोही में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में परिषद के अध्यक्ष कैप्टन मुकेश कुमार गोम्बर, उपाध्यक्ष असलम महबूब, प्रशासनिक समिति के सदस्य महाबीर प्रताप शर्मा, अनिल सिंह, श्री वसीफ अंसारी, संजय गुप्ता, श्री इम्तियाज अहमद, रोहित गुप्ता, पियूष बरनवाल, हुसैन जफर हुसैनी तथा परिषद की कार्यकारी निदेशक एवं सचिव डॉ. स्मिता नागर कोटी उपस्थित रहीं।
परिषद द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नई दिल्ली में प्रस्तावित 50वां इंडिया कार्पेट एक्सपो निरस्त किया जाएगा। इसके स्थान पर यह प्रतिष्ठित आयोजन अब आगामी अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में भदोही स्थित कार्पेट एक्सपो मार्ट में आयोजित होगा। इस निर्णय से स्थानीय निर्यातकों, बुनकरों और उद्योग से जुड़े व्यवसायियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। माना जा रहा है कि इससे भदोही को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिलेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
बैठक में वर्ष 2027 में जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में आयोजित होने वाले विश्वप्रसिद्ध मेले Heimtextil में परिषद द्वारा हॉल 12.1 में अपने सदस्यों को स्टॉल उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। इससे भारतीय कालीन उद्योग को वैश्विक बाजार में अपनी उपस्थिति और सशक्त करने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा कार्पेट एक्सपो मार्ट, भदोही के सुचारु संचालन, सुविधाओं के विस्तार और उद्योग हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद पदाधिकारियों ने इसे कालीन उद्योग के विकास, निर्यात संवर्धन और भदोही को विश्व स्तरीय कालीन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।










