Home / आज की ताजा खबर / 9 करोड़ एफडी घोटाले की जांच में भदोही पहुंची सीबीआई, बैंककर्मी के घर घंटों चली पूछताछ

9 करोड़ एफडी घोटाले की जांच में भदोही पहुंची सीबीआई, बैंककर्मी के घर घंटों चली पूछताछ

संवाददाता : प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही। जनपद के निजामपुर मोहल्ले में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने एक बैंककर्मी के आवास पर छापेमारी कर कई घंटे तक जांच और पूछताछ की। कार्रवाई को लेकर पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
सूत्रों के अनुसार मामला करीब 9 करोड़ रुपये के फिक्स डिपॉजिट (एफडी) घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है। सीबीआई की टीम सुबह करीब 10 बजे निजामपुर मोहल्ला स्थित पूर्व कालीन कारोबारी नसीम अख्तर अंसारी और बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत उनके बेटे तौफीक अख्तर के घर पहुंची। टीम में शामिल अधिकारियों ने घर के अंदर मौजूद दस्तावेजों, लैपटॉप और कंप्यूटर सिस्टम की गहन जांच की।
करीब छह घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान घर के अंदर और बाहर किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर रोक लगा दी गई थी। सीबीआई अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की। बताया जा रहा है कि जांच टीम बैंकिंग लेनदेन और एफडी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक तौफीक अख्तर वाराणसी स्थित बैंक शाखा में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। सीबीआई टीम जांच के बाद उन्हें अपने साथ लेकर भदोही नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा भी पहुंची, जहां कुछ आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।
हालांकि सीबीआई अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन दिनभर चली इस कार्रवाई से पूरे शहर में हलचल का माहौल बना रहा। मामले को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *