Home / आज की ताजा खबर / परशुराम धाम में धूमधाम से मनाई गई परशुराम जयंती भगवान को जातियों में न बांटने, उनके आदर्शों को अपनाने की अपील

परशुराम धाम में धूमधाम से मनाई गई परशुराम जयंती भगवान को जातियों में न बांटने, उनके आदर्शों को अपनाने की अपील

भगवान को जातियों में न बांटने, उनके आदर्शों को अपनाने की अपील

(बिहार), संवाददाता दिनेश कुमार बरनवाल:

बिहटा (बिहार )के अमहरा स्थित डॉ. अशोक गगन कॉलेज परिसर में परशुराम धाम के तत्वावधान में भगवान श्री परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर भगवान परशुराम की आदमकद प्रतिमा के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 24 घंटे का अखंड कीर्तन और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

जयंती समारोह को संबोधित करते हुए चाणक्या ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के डॉ. अशोक गगन ने कहा कि भगवान परशुराम सहित किसी भी देवता या महापुरुष को जातियों में बांटने से उनका कद छोटा होता है और समाज में द्वेष की भावना बढ़ती है। उन्होंने कहा कि परशुराम वंशियों को समाज के हर वर्ग की भलाई की कामना करनी चाहिए, तभी उन्हें सर्वसमाज से सम्मान प्राप्त होगा।

डॉ. गगन ने कहा कि यदि कोई परशुराम वंशी स्वामी सहजानंद सरस्वती, गुरु चाणक्य या राष्ट्रकवि दिनकर जैसे प्रभावशाली व्यक्तित्व बनना चाहता है, तो उसे उनके आदर्शों को आत्मसात कर उनके दिखाए मार्ग पर चलना होगा। उन्होंने अपील की कि समाज के लोग अनावश्यक मामलों में हस्तक्षेप से बचें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

पूर्व विधायक रामजन्म शर्मा ने ब्राह्मण समाज की राजनीतिक उपेक्षा पर चिंता जताते हुए एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान को जातियों में विभाजित करने के बजाय उनके उच्च आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

एनआईटी जमशेदपुर के डीन डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि भगवान परशुराम ने अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध संघर्ष किया था। आज की सामाजिक परिस्थितियों में भी उनके आदर्शों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ज्ञान (शास्त्र) और शौर्य (शस्त्र) के अद्भुत संगम हैं, जो युवाओं को अनुशासित और समाज के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देते हैं।

आईआईटी के सहायक रजिस्ट्रार त्रिपुरारी शरण ने भगवान परशुराम को पूरे समाज का पूजनीय बताया। उन्होंने ब्राह्मणों सहित सभी वर्गों से उनके न्याय, साहस और त्याग के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में आईआईटी सुरक्षा अधिकारी दीपक चौरसिया, सुनील कुमार, विजय कुमार सिंह, अशोक सिंह, सतेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *