संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही जनपद के भकोड़ा गांव में शनिवार को आध्यात्मिक और धार्मिक वातावरण देखने को मिला, जब वरिष्ठ समाजसेवी संजीव दुबे के आवास पर पूज्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का शुभागमन हुआ। शंकराचार्य जी के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, धर्मप्रेमी और गौ सेवक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए।
पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, जयघोष और पुष्प वर्षा के बीच शंकराचार्य जी का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान धर्मसभा का आयोजन किया गया, जिसमें सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और गौ संरक्षण जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।
सभा को संबोधित करते हुए शंकराचार्य जी ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आधारशिला हैं। गौ सेवा और संरक्षण केवल धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा भी है। उन्होंने लोगों से गौ रक्षा के लिए जागरूक होकर आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंच से गौ रक्षार्थ अपने विचार व्यक्त करने का अवसर प्राप्त होने पर वक्ता ने इसे अपने जीवन का अत्यंत सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि पूज्य संतों के सानिध्य में समाजहित और धर्म रक्षा के विषय पर बोलना प्रेरणादायक अनुभव है। साथ ही उन्होंने गौ संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, धर्माचार्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य जी से आशीर्वाद प्राप्त कर धर्म एवं संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और गांव में आध्यात्मिक उत्साह देखने को मिला।









